नई दिल्ली। गुजरात के पाटीदार आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले और वर्तमान में कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल को गिरफ्तार किया गया है। हार्दिक पटेल की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आवाज उठाने वालों को भाजपा बार—बार परेशान कर रही है। इसके साथ ही भाजपा इसको देशद्रोह बता रही है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि, युवाओं के रोजगार और किसानों के हक की लड़ाई लड़ने वाले युवा हार्दिक पटेल जी को भाजपा बार-बार परेशान कर रही है। हार्दिक ने अपने समाज के लोगों की आवाज उठाई, उनके लिए नौकरियां मांगी, छात्रवृत्ति मांगी। किसान आंदोलन किया।
भाजपा इसको “देशद्रोह” बोल रही है। बता दें कि, देशद्रोह में गिरफ्तारी के बाद हार्दिक को अहमदाबाद में मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और फिर 24 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हार्दिक पटेल के खिलाफ 2015 के देशद्रोह के मामले में उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। हार्दिक पटेल को अहमदाबाद जिले के विरमगम के पास से गिरफ्तार किया गया है।
डीसीपी राजदीप सिंह जाला (साइबर क्राइम) ने भी उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, ‘अदालत ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद हार्दिक पटेल को गिरफ्तार किया गया। हार्दिक पटेल को पहले भी इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। 25 अगस्त, 2015 को अहमदाबाद में पटेल समुदाय की रैली में हुई हिंसा के बाद स्थानीय क्राइम ब्रांच ने उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया था।