लखनऊ। उन्नाव में दुष्कर्म पीड़िता को जिंदा जलाने के बाद यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पूरे वारदात में पुलिस की भूमिका भी संदेह के घेरे में हैं। हालांकि वारदात के बाद पुलिस का दावा है कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, इस हैवानियत के बाद प्रियंका गांधी ने यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर देश के गृहमंत्री और यूपी के सीएम ने झूठ बोला है।
इस दर्दनाक घटना पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी रोष व्यक्त किया है। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, कल देश के गृह मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने साफ-साफ झूठ बोला कि यूपी की क़ानून व्यवस्था अच्छी हो चुकी। हर रोज ऐसी घटनाओं को देखकर मन में रोष होता है। भाजपा नेताओं को भी अब फर्जी प्रचार से बाहर निकलना चाहिए। बता दें कि, उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र मेें हैदराबाद जैसी हैवानियत सामने आयी।
यहां घर से निकली दुष्कर्म पीड़िता को दरिंदों ने गुरुवार तड़के पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पीड़िता की हालत गंभीर देख कानपुर हैलट रेफर कर किया गया। कानपुर के बाद अब पीड़िता को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पीड़िता करीब 90 प्रतिशत तक जल चुकी है।
उसने अपने बयान में बताया कि गुरुवार करीब चार बजे वह रायबरेली जाने के लिए ट्रेन पकड़ने के लिए बैसवारा बिहार रेलवे स्टेशन जा रही थी। तभी गौरा मोड़ पर गांव के हरिशंकर त्रिवेदी, किशोर शुभम, शिवम, उमेश ने घेर लिया और सिर पर डंडे से और गले पर चाकू से वार किया। वह चक्कर आने से गिरी तो दरिंदों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी।