नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है। सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि प्रियंका गांधी को एक बीमारी है जिसे बिपोलेरिटी कहते हैं। वो लोगों को पीटती है। इस बीमारी के साथ वो सार्वजनिक जीवन में फिट नहीं बैठ पाएंगी। उन्होंने ये भी कहा कि लोगों को पता होना चाहिए कि प्रियंका गांधी कभी भी अपना मानसिक संतुलन खो सकती हैं।
ऐसा पहली बार नहीं है जब बीजेपी नेताओं ने प्रियंका गांधी पर टार्गेट किया हो। इससे पहले बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी शनिवार को प्रियंका गांधी का बगैर नाम लिए कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा था। कि कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेताओं को 2019 का लोकसभा चुनाव जीतने के लिए चॉकलेटी चेहरों की जरूरत पड़ रही है. इससे पहले बिहार सरकार में मंत्री विनोद नारायण ने कहा था कि खूबसूरत चेहरों के दम पर वोट नहीं मिलते हैं।
विनोद नारायण झा ने ये भी कहा था कि प्रियंका गांधी रॉबर्ट वाड्रा की पत्नी हैं जो लैंड स्कैम समेत भ्रष्टाचार के कई मामलों में आरोपी हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए इस बार प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश का सचिव नियुक्त किया है। जिसके बाद बीजेपी लगातार उनपर हमलावर है। इससे पहले प्रियंका गांधी पर्दे के पीछे से राजनीति करती रही हैं।