लखनऊ। कोरोना वायरस जैसी महामारी में लगातार कांग्रेस लोगों की मदद के लिए आगे आ रही है, सोनिया गांधी हो या प्रियंका, लगातार कांग्रेस की तरफ से मजदूरों और जरूरतमंदो की मदद करने के लिए कार्यकर्ताओं को जागरूक किया जा रहा है. कोरोना वायरस संकट के बीच कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की पार्टी प्रभारी प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को एक लाख मास्क लखनऊ भेजे हैं. इससे पहले प्रियंका गांधी प्रदेश के कई जिलों में लोगों को राशन और दवाएं भिजवा चुकी हैं. कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता शनिवार से इसका वितरण करेंगे. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी प्रेस नोट में मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बताया कि प्रियंका गांधी ने एक लाख मास्क भेजे हैं.
गौरतलब है कि महासचिव प्रियंका गांधी कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में काफी सक्रिय रही हैं. उनके देखरेख में कई व्हाट्सएप ग्रुप संचालित हो रहे हैं जिनके माध्यम लोगों की मदद हो रही है. ललन कुमार ने बताया कि लोगों की मदद के लिए लखनऊ, गाज़ियाबाद, हापुड़, आगरा, फतेहपुर, लखीमपुर, इलाहाबाद समेत 17 जिलों में रसोईघर चलाया जा रहा है. साथ ही साथ हर जिले में जरूरतमंदों को राशन भी बांटा जा रहा है.
उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 47 लाख लोगों को राशन और खाना पहुंचाया गया है. उत्तर प्रदेश के बाहर 4 लाख अपने प्रवासी मजदूरों और जरूरतमंदों की मदद की गई है. इससे पहले कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सभी प्रदेश अध्यक्षों को निर्देशित किया, मजदूर भाइयों का रेलवे किराया कांग्रेस पार्टी अदा करेगी.