लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अपनी खोई सियासी जमीन तलाशने के लिए संघर्ष कर रही कांग्रेस लाइम लाइट में आने का कोई मौका गंवाना नहीं चाहती। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा यूपी के हर अहम मसले पर बयान देकर मौजूदगी जरूर दर्ज कराती हैं। आज शनिवार को प्रियंका वाड्रा कांग्रेस पार्टी के 135वें स्थापना दिवस पर लखनऊ में हैं। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2020 को लेकर बड़ी तैयारी में लगीं प्रियंका वाड्रा ने लखनऊ में शनिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी का ध्वज फहराने के बाद नेताओं को संविधान की शपथ भी दिलाई।
पार्टी के नेताओं को शपथ दिलाने के बाद प्रियंका वाड्रा ने कहा कि आज देश में वही शक्तियां सरकार चला रही हैं जिनसे हमारी ऐतिहासिक टक्कर रही है। उन्होंने कहा कि यह एक दमनकारी विचारधारा है, आज भी हम उसी से लड़ रहे हैं, जिससे हम आजादी के समय लड़े थे। जिन्होंने आजादी के संघर्ष में कोई योगदान नहीं दिया वे देशभक्त बनकर देश में भय फैलाना चाहते हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि जब-जब देश में भय का माहौल फैलाया जाता है तब-तब कांग्रेस का कार्यकर्ता विरोध में खड़ा होता है। ऐसा इसलिए है कयोंकि हम अहिंसा की विचारधारा से उपजे हैं। इस समय देश गंभीर संकट में है, आपने देखा कि पिछले दिनों में किस तरह की अराजकता फैली। देश के कोने-कोने में संविधान के खिलाफ बने कानून के विरोध में युवा आवाज उठा रहे हैं। उन्हें जेल में ठूंसा जा रहा है।
प्रियंका गांधी ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टियां सरकार से डर रही हैं, वह कुछ नहीं कह रही हैं। कांग्रेस को संघर्ष की चुनौती स्वीकार है। दमनकारी विचारधारा से टक्कर है। कार्यकर्ताओं के दिल में भय और हिंसा नहीं। उन्होंने कोई बलिदान नहीं दिया।