नई दिल्ली। नागरिकता कानून के खिलाफ सभी वामदल और मुस्लिम संगठन ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। इस कानून का विरोध प्रदर्शन देश के सभी हिस्सों में हो रहा है। कई राज्यों में इस विरोध प्रदर्शन को देखते हुए धारा 144 लागू कर दी गयी है। यूपी—बिहार में भी इसका इसका असर दिख रहा है। लेफ्ट पार्टियों के इस भारत बंद को विपक्ष का भी समर्थन प्राप्त हो रहा है।
वहीं उत्तर प्रदेश, कर्नाटक के कई हिस्सों में बड़े प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं, इसके साथ धारा 144 लागू की गई है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव को भी हिरासत में ले लिया है। वह लाल किले से विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी में थे। इसके साथ ही इतिहासकार रामचंद्र गुहा को कर्नाटक स्थित बेंगलुरु में हिरासत में ले लिया है।
सपा ने शुरू किया प्रदर्शन
नागरिकता कानून पर समाजवादी पार्टी का राजधानी लखनऊ में प्रदर्शन शुरू हो गया है। वहीं, विरोध प्रदर्शन को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गयी है। एहतियात के तौर पर शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए है। वहीं, सपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ विधानभवन में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए केडी सिंह मेट्रो लाइन बंद कर दी गई है।
सीएम येदियुरप्पा बोले-विरोध के पीछे कांग्रेस का हाथ
कर्नाटक के सीएम बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के पीछे कांग्रेस का हाथ है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों का ख्याल रखना हमारी जिम्मेदारी है। सभी से अनुरोध है कि शांति बनाए रखें। अगर कांग्रेस के नेता विरोध प्रदर्शन जारी रखते हैं तो उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे।