नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के कहर के चलते 21 दिनो का लॉकडाउन है इसकी वजह से सारा कामकाज ठप्प् है और इसका असर हमारे देश के अन्नदाता पर भी पड़ रहा है। वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानो का पक्ष लेते हुए कहा है कि लॉकडाउन के कारण किसान का खड़ी फसल की कटाई करना कठिन है, जिससे फसल के नष्ट होने का खतरा बढ़ गया है इसलिए लॉकडाउन के बीच उन्हें फसल कटाई का सुरक्षित मौका दिया जाना चाहिए।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि लॉकडाउन कोरोना महामारी से बचाव का एकमात्र उपाय है लेकिन लॉकडाउन किसान के लिए दोहरी मार नही बने इसलिए फसल कटाई के लिए किसानों को सुरक्षित ढील दिए जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रबी की फसल खेतों में तैयार खड़ी है, लेकिन कोविड-19 लॉकडाउन में कटाई का काम मुश्किल है। सैकड़ों किसानों की जीविका ख़तरे में है। देश के अन्नदाता किसान आज इस संकट में दोहरी मुसीबत में हैं। कटाई के लिए सुरक्षित तरीके से लॉकडाउन में ढील देना एकमात्र रास्ता है।
इसके साथ ही उन्होंने एक खबर भी शेयर की जिसमें लॉकडाउन के कारण किसानों को फसलों की कटाई में पेश आ रही मुश्किलों का उल्लेख है। गौरतलब है कि कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए देश भर में लागू 21 दिवसीय लॉकडाउन 25 मार्च से शुरू हुआ था और 14 अप्रैल को खत्म होगा। बता दें कि लॉकडाउन ने किसानों की कमर तोड़ कर रख दी है। खेत से लेकर मंडी तक किसान पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है।