नोएडा। हाथरस केस को लेकर कांग्रेस ने का हल्लाबोल जारी है। गुरुवार को राहुल-प्रियंका कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हाथरस जाने के लिए निकले थे। इस बीच पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। साथ ही पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज भी किया। वहीं, ग्रेटर नोएडा के पास यूपी पुलिस और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई, इस दौरान धक्कामुक्की में राहुल गांधी भी ज़मीन पर गिर पड़े।
गुरुवार दोपहर दिल्ली से कुछ दूरी पर जब दोनों नेताओं का काफिला ग्रेटर नोएडा के करीब पहुंचा, तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प भी हुई। पुलिस ने राहुल और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया। उन्हें एक्सप्रेस-वे पर F-1 गेस्ट हाउस में ले जाया गया।
हालांकि, बाद में पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। इसके बाद वह दिल्ली वापस लौट गए। बता दें कि, पैदल जा रहे राहुल गांधी से धक्का मुक्की भी हुई थी, जिसके कारण वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद उनके साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने उन्हें उठाया।
वहीं, पुलिस ने इस दौरान लाठीचार्ज भी किया है। वहीं, प्रियंका गांधी ने भी हाथरस केस को लेकर गुस्सा जताया है। उन्होंने कहा कि गुस्सा आता है, मेरी भी 18 साल की बेटी है। बता दें कि, हाथरस केस के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे राहुल-प्रियंका के काफिले को ग्रेटर नोएडा में रोक लिया गया था।