नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार और संघ प्रमुख मोहन भागवत पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चीन ने हमारी जमीन हड़प ली है। भारत सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने ऐसा होने देने की अनुमति दी है। राहुल गांधी का बयान उस समय आया है जब आरएसएस प्रमुख ने नागपुर में शस्त्र पूजन के बाद अपना संबोधन किया।
राहुल गांधी ने कहा है कि मोहन भागवत सच जानते हैं, लेकिन सामना करने से डरते हैं। आरएसएस प्रमुख भागवत ने वार्षिक दशहरा रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पूरी दुनिया के सामने पता है कैसे चीन सीमाओं का अतिक्रमण कर रहा है। उस देश (चीन) की विस्तारवादी प्रकृति से पूरी दुनिया अवगत है।
इस बार वह ताइवान, वियतनाम, अमेरिका, जापान और भारत के साथ लड़ रहा है। लेकिन भारत की प्रतिक्रिया ने चीन को परेशान कर दिया है। भागवत के बयान पर पलटवार करते हुए राहुल ने कहा कि कहीं न कहीं भागवत सच्चाई जरूर जानते हैं, लेकिन वे इसका सामना करने में डरे हुए हैं। राहुल ने ट्वीट कर कहा, ‘अंदर ही अंदर श्री भागवत सच जानते हैं। वह सिर्फ इसका सामना करने से डर रहे हैं। सच्चाई यह है कि चीन ने हमारी जमीन हड़प ली है और भारत सरकार और आरएसएस ने ऐसा होने की अनुमति दी है।’