नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने बिना नाम लिए ही मोदी सरकार को कड़घरे में खड़ा किया और कहा कि भाई को भाई से लड़ाकर विकास नहीं होता है। यह बातें उन्होंने छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के उद्घाटन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि, अब आदिवासियों की बातें सुनी जा रही है।
केंद्र की मोदी सरकार पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, किसानों की आत्महत्या, अर्थव्यवस्था की सेहत, बेरोजगारी के बारे में आपकों सब पता है। आदिवासी और पिछड़ों को शामिल किए बिना देश की अर्थव्यवस्था नहीं सुधारी जा सकती है। उन्होंने कहा कि, हमें सभी को एक साथ लेकर चलना होगा, तभी देश आगे बढ़ेगा।
जब तक प्रत्येक देशवासी की आवाज को लोकसभा और राज्य की विधानसभाओं में नहीं सुना जायेगा, तब तक बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर कुछ नहीं किया जा सकता है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन रायपुर के साईंस कॉलेज मैदान में 27 से 29 दिसंबर तक आयोजित हो रहा है।
जिसमें आदिवासी संस्कृति और अस्मिता की झलक देखने को मिलेगी।
एक अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पहली बार राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव ने अब अंतरराष्ट्रीय महोत्सव का रूप ले लिया है। तीन दिवसीय इस नृत्य महोत्सव में देश के 25 राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ ही छह देशों के लगभग 1350 से अधिक प्रतिभागी अपनी जनजातीय कला संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे।