नई दिल्ली। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने चीन को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सीधी आलोचना शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यह भी नहीं देखा या वह भूल गई कि राहुल के परनाना जवाहरलाल नेहरू चीन की समस्या छोड़ कर गए थे। वह दिल्ली की गलियों में चाऊ एन लाई के साथ घूमा करते थे और लोग ‘हिंदी चीनी भाई भाई’ के नारे लगाते थे।
उसके बाद जो भी हुआ वह इतिहास है। इसी वजह से साल 1962 की घटना हुई और हम आज भी इसका परिणाम भुगत रहे हैं। बता दें कि, राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि चीन के साथ सीमा पर मौजूदा हालात को लेकर सरकार चुप्पी साधी हुई है, जिसके कारण अटकलों को बल मिल रहा है।
ऐसी स्थिति में सरकार को सही स्थिति के बारे में देश को बताना चाहिए। राहुल ने ट्वीट किया, ‘चीन के साथ सीमा पर हालात को लेकर सरकार की चुप्पी से संकट के समय बड़े पैमाने पर अटकलों व अनिश्चितता को बल मिल रहा है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए और जो हो रहा है उसके बारे में देश की जनता को बताना चाहिए।’
लद्दाख में चीन के साथ सटी भारतीय सीमा पर तनाव जारी है। दोनों पक्षों ने यहां जवानों की तैनाती बढ़ा दी है। इस विवाद को लेकर चीन का विदेश मंत्रालय कह चुका है कि भारतीय सीमा पर हालात कुल मिलाकर स्थिर और नियंत्रण में हैं। बयान में यह भी कहा गया था कि दोनों देशों के पास बातचीत और विचार-विमर्श करके मुद्दों को हल करने के लिए उचित तंत्र और संचार माध्यम हैं।