नई दिल्ली। पिछले दो महीनों से कड़ाके की ठंड झेल रहे दिल्ली-एनसीआरवासियों को अभी भी राहत नहीं है। सोमवार रात हुई बारिश के चलते एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज हुई है और खबर यह भी है कि 30 तारीख तक लोगों को कड़ाके की ठंड झेलनी होगी। मौसम विभाग ने आज शाम में भी बारिश की भविष्यवाणी कर दी है। ऐसे में तापमान मे और भी गिरावट देखने को मिल सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 7 डिग्री से नीचे जाने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार शाम को भी बारिश का अनुमान है। दिल्ली में कहीं-कहीं ओले भी पड़ सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 2 दिन तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आएगी। फिर रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे अचानक ठंड बढ़ जाएगी। उन्होंने बताया कि दिन के समय सर्द हवाएं चलेंगी, लेकिन 30 जनवरी के बाद धूप भी पूरी तरह से खिलेगी। इससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारों के मुताबिक पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्र में बारिश-बूंदाबांदी हो सकती है। 2 दिन तक ठंड बढ़ने के साथ सुबह और शाम कोहरा भी होगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया।