1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. झारखंड के दसवें राज्यपाल के रूप में रमेश बैस ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली

झारखंड के दसवें राज्यपाल के रूप में रमेश बैस ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली

रमेश बैस ने बुधवार को झारखंड के दसवें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण किया। उन्हें राज भवन स्थित बिरसा मंडप में आयोजित भव्य समारोह में झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डॉ. रवि रंजन ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।

By अनूप कुमार 
Updated Date

रांची: रमेश बैस ने बुधवार को झारखंड के दसवें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण किया। उन्हें राज भवन स्थित बिरसा मंडप में आयोजित भव्य समारोह में झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डॉ. रवि रंजन ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। बैस ने हिन्दी में शपथ ग्रहण किया। शपथग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो,राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल हुए।रमेश बैस ने बुधवार को दोपहर पौने दो बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

पढ़ें :- फंड की कमी के चलते वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार,जानें कितनी है उनकी नेटवर्थ?

इससे पूर्व छह जुलाई को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने त्रिपुरा के राज्यपाल और मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ से लगातार छह बार और कुल मिलाकर सात बार सांसद रहने वाले रमेश बैस को झारखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया था।रमेश बैस ने राज्य में द्रौपदी मुर्मू की जगह ली। द्रौपदी मुर्मू 18 मई, 2015 में झारखंड की नौवीं राज्यपाल बनी थीं। इसके अलावा वह राज्य की प्रथम महिला राज्यपाल भी थीं।राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू झारखंड से अपने पैतृक आवास रायरंगपुर (ओड़िशा) के लिए रवाना हुयीं। वह करीब छह साल तक झारखंड की राज्यपाल रहीं।

झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस इससे पहले त्रिपुरा के राज्यपाल थे। रमेश बैस मूलरूप से छतीसगढ़ के रायपुर के रहने वाले हैं और उनका जन्म दो अगस्त 1947 को हुआ था। वह 1982 से 1988 तक मध्यप्रदेश के प्रदेश मंत्री के पद पर भी कार्यरत रहे हैं। इसके बाद वह 1989 में पहली बार लोकसभा के सांसद चुने गये और फिर 1996 से लगातार छह बार रायपुर से लोकसभा सांसद चुने गए। उन्होंने देश के केंद्रीय मंत्री के रूप में भी काम किया है।

 

 

पढ़ें :- प्रियंका गांधी ने सरकार पर साधा निशाना, पूछा-देश में 30 लाख सरकारी पद खाली क्यों हैं?

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...