नई दिल्ली। दुष्कर्म के आरोपों में फरार और भारत से भाग चुके विवादों में घिरे स्वयंभू बाबा नित्यानंद के बारे में खबर आई है कि उसने दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप में त्रिनिदाद और टोबैगो के पास इक्वाडोर के पास एक द्वीप पर अपना नया देश बसा लिया है। जानकारी के मुताबिक नित्यानंद ने अपने कथित देश का नाम कैलासा रखा है। हालांकि इन रिपोर्ट्स की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
नित्यानंद (Nithyanada) ने अपने नए ‘देश’ की एक वेबसाइट भी लांच की है, जिसमें इसे धरती पर हिंदुओं का सबसे महान देश (Greatest Hindu Nation on Earth) बताया गया है।
‘इक्वाडोर में नित्यानंद ने खरीदा नया देश’
अपुष्ट रिपोर्टों के मुताबिक, नित्यानंद ने दक्षिणी अमेरिका में इक्वाडोर (Ecuador) में एक द्वीप खरीदा है और इसे एक स्वतंत्र और ‘नया देश’ कहना शुरू किया है।
उसकी वेबसाइट पर दावा किया गया है- “कैलासा बिना सीमाओं का एक देश है जिसे दुनियाभर से बेदखल किए गए हिंदुओं ने बसाया है। जिन्होंने अपने ही देशों में प्रामाणिक रूप से हिंदू धर्म का अभ्यास करने का अधिकार खो दिया।’ इस देश का अपना एक ‘पासपोर्ट’ (Passport) है और नित्यानंद ने पहले ही इसका एक ऑनलाइन सैंपल भी डाला है।
बता दें कि कर्नाटक में नित्यानंद के खिलाफ दुष्तर्म का मामला दर्ज है। पुलिस ने उसकी दो महिला अनुयायियों- साध्वी प्राण प्रियानंद और प्रियातत्व रिद्धि किरण को भी गिरफ्तार किया है। दोनों पर बच्चों को अगवा करने का आरोप है। गुजरात पुलिस ने बीती 21 नवंबर को बताया था कि नित्यानंद देश छोड़कर भाग गया है।
तमिलनाडु का रहने वाला है नित्यानंद, रेप केस का है आरोपी
नित्यानंद जिसका असली नाम राजशेखरन है, वह तमिलनाडु (Tamil Nadu) का रहने वाला है। वह साल 2000 में बेंगलुरु के पास एक आश्रम बनाने के बाद प्रभावशाली हो गया था। उसके ज्यादातर भाषण कमोबेश आध्यात्मिक गुरू ओशो रजनीश के विचारों पर ही आधारित होते हैं।
2010 में नित्यानंद तब खबरों में आ गया था जब उसका एक एक्ट्रेस के साथ आपत्तिजनक हालत में वीडियो वायरल हो गया था। बाद में उस पर रेप (Rape) के आरोप लगे थे और उसे गिरफ्तार कर लिया गया था. इस केस के अलावा एक अन्य रेप केस में भी उस पर चार्जशीट दाखिल की गई थी।