पटना। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर अब बिहार में बवाल शुरू हो गया है। पिछले कुछ दिनों से चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच राज्य में विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल ने आज बंद बुलाया है। इसको लेकर आरजेडी के कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर आए हैं और ट्रेनों को रोकना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही कार्यकर्ता भैंस लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि भागलपुर में आरजेडी के कार्यकर्ताओं सुबह से ही प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गयी है। वे नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। भागलपुर में विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ के बीच पुलिस के जवान सड़कों पर दिखाई नहीं दे रहे हैं।
इसके अलावा नवादा जिला में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने पटना रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर सद्भावना चौक के पास आगजनी की और रास्ता जाम कर दिया। इस कारण यहां पर जाम लग गया है। वहीं, दरभंगा में प्रदर्शनकारी कपड़े उतारकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सड़कों पर टायर जलाए हैं और नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ नारेबाजी की है।
पटना में आरजेडी कार्यकर्ता डंडे लेकर सड़क पर उतरे
वहीं, इस कानून के विरोध में पटना में आरजेडी कार्यकर्ता डंडे लेकर सड़कों पर उतरे हैं। बताया जा रहा है कि बस स्टैंड पर कई वाहनों में तोड़फोड़ की गयी है। वहीं, ऑल इंडिया मुस्लिम लीग के कार्यकर्ता भी इस बंद का समर्थन कर रहे हैं। पटना में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के वर्कर्स ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस के बैरिकेड को हटा दिया। वहीं, जहानाबाद में आरजेडी के कार्यकर्ताओं ने कोर्ट स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर आगजनी की। इसके साथ ही पटना से गया जाने वाली ट्रेन को रोक दिया गया है।