नई दिल्ली। ऑक्सफर्ड डिक्शनरी ने ‘संविधान’ को 2019 का हिंदी वर्ड घोषित किया है। ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस (ओयूपी) ने इस बारे में बताया कि इस शब्द ने पिछले साल व्यापक स्तर पर अपनी ओर ध्यान खीचा। ओयूपी का कहना है कि यह शब्द इसलिए चुना गया कि 2019 में लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को संविधान की कसौटी पर परखा गया।
बता दें कि साल 2019 का ‘ऑक्सफर्ड’ हिंदी शब्द एक ऐसा शब्द है जिसने अपनी ओर काफी ध्यान आकृष्ट किया और जो बीते साल के लोकाचार, मिजाज या व्यस्तता को प्रदर्शित करता है। ओयूपी ने बताया कि संविधान का अर्थ है, ‘मूलभूत सिद्धांतों की इकाई या स्थापित दृष्टांत जिनके मुताबिक एक देश या अन्य संगठन शासित होता है।’
जम्मू-कश्मीर से संवैधानिक प्रावधानों-अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35 (ए) के हटाये जाने के साथ ‘संविधान’ शब्द ने अगस्त 2019 में पहली बार व्यापक स्तर पर अपनी जगह बनाई और लोगों का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट किया।
ऐसे हुआ चुनाव
ऑक्सफर्ड डिक्शनरी की टीम ने अपने फेसबुक पेज के जरिए हिंदी के लिए शब्द मांगे थे और उसे हजारों शब्द प्राप्त हुए। साल का ऑक्सफर्ड हिंदी शब्द भारत में ऑक्सफोर्ड शब्दकोश टीम द्वारा भाषा विशेषज्ञों की एक सलाहकार समिति की मदद से चुना गया।