मुंबई। महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन के बाद उद्धव ठाकरे आज अपना कार्यभार संभालेंगे। इस बीच शिवसेना के प्रवक्ता ने एक बयान देकर वहां की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि, अब महाराष्ट्र की राजनीति खत्म हो गई है हम सभी गोवा में व्यस्त हैं।
संजय राउत ने कहा, ‘गोवा फॉर्वर्ड पार्टी के अध्यक्ष और गोवा के पूर्व उप-मुख्यमंत्री विजय सरदेसाई तीन विधायकों सहित शिवसेना के साथ गठबंधन कर रहे हैं। जल्द ही गोवा में एक नया राजनीतिक फ्रंट तैयार हो जायेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गोवा में आपको जल्द ही एक चमत्कार दिखाइ्र देगा।
वहीं, संजय राउत ने महाराष्ट्र के पूर्व सीएम फडणवीस को चुनावी हलफनामें में दो आपराधिक मामले छुपाने की वजह से मिले समन पर कहा कि मुझे मालूम नहीं है। हमलोग अभी गोवा की राजनीति में व्यस्त हैं। महाराष्ट्र की राजनीति खत्म। बता दें फडणवीस पर आरोप है कि उन्होंने हलफनामे में अपने ऊपर दर्ज मामलों की जानकारी नहीं दी।
शिवसेना नेता ने आगे कहा, ‘यह पूरे देश में होगा। महाराष्ट्र के बाद अब गोवा की बारी है। इसके बाद हम अन्य राज्यों में जाएंगे। हम इस देश में एक गैर-भाजपा राजनीतिक मोर्चा बनाना चाहते हैं।’