नई दिल्ली। अयोध्या में राम मंदिर बनने का रास्ता साफ हो गया है। सुप्रीम कोर्ट ने तीन महीने में ट्रस्ट बनाकर मंदिर निर्माण की बात कही थी। इसके बाद ट्रस्ट बनाने को लेकर चर्चा शुरू हो गयी है। वहीं, मंदिर निर्माण को लेकर काफी राजनीतिक बयान भी सामने आ रहे हैं। कई लोग अपने-अपने तरह से मांग कर रहे हैं। इसी बीच गोवा के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने एक कार्यक्रम में राम मंदिर को लेकर अपने विचार रखा।
उन्होंने कहा कि, राम मंदिर में शबरी और केवट की मूर्तियां को भी स्थापित करना चाहिए। सत्यपाल मलिक ने कहा, देशभर में हर कोई अयोध्या में राम मंदिर के बारे में बात कर रहा है कि वहां एक भव्य राम मंदिर बनेगा। लेकिन मुझे लगता है कि कोई भी उन लोगों की बात नहीं कर रहा है जिन्होंने भगवान राम की यात्रा में उनका साथ दिया।
सत्यपाल मलिक ने कहा कि, मैंने अभी तक नहीं सुना कि लोग केवट और शबरी की मूर्तियों की राम दरबार में मांग करते हुए दिखाई दिए हों। जिस दिन मंदिर के लिए ट्रस्ट बनेगा मैं उसे पत्र लिखूंगा कि वे सच्चाई के पक्ष में उनके साथ लड़ने वाले लोगों की मूर्तियों को स्थापित करने का आग्रह करें। यह एक सच्चा भारत है।
वहीं, झारखंड में एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि राम जन्मभूमि पर आसमान डूने वाला मंदिर बनेगा। ये कांग्रेस पार्टी न्यायालय में केस ही नहीं चलने देती थी। अभी उच्चतम न्यायालय ने यह निर्णय कर दिया है। अब राम जन्मभूमि पर आसमान छूने वाला मंदिर बनेगा।