मेरठ। मेरठ पुलिस ने शुक्रवार को टीपीनगर क्षेत्र के एक मकान में संचालित हो रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने यहां से हरियाणवी डांसर दिव्या चौधरी सहित चार को गिरफ्तार किया है। रैकेट चलाने वाले युवक ने इस धंधे में अपनी नाबालिग बेटी और पत्नी को भी शामिल कर रखा था। सभी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।
मेरठ की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार ने बताया कि टीपीनगर थाना क्षेत्र में रोहटा रोड स्थित हरदेव नगर के एक मकान में सेक्स रैकेट चलने की सूचना मिल रही थी। पुलिस टीम बीते 15 दिनोें से मकान की निगरानी कर रही थी। शुक्रवार दोपहर पुलिस टीम ने मकान पर छापा मारा। मौके से रैकेट सरगना प्रशांत वालिया निवासी नई मंडी मुजफ्फरनगर, ग्राहक अर्जुन निवासी कंकरखेड़ा सहित दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।
यह मकान नीटू कुमार का है, जिसने प्रशांत को चार हजार रुपये महीना किराए पर दे रखा था। प्रशांत के धंधे में उसकी नाबालिग सौतेली बेटी और पत्नी भी जुड़ी हुई थीं। मौके से एक हरियाणवी डांसर दिव्या चौधरी उर्फ मुस्कान को गिरफ्तार किया गया है। वह मूल रूप से मेरठ में मवाना के इकरामनगर की रहने वाली है। यूट्यूब पर उसके हरियाणवी गानों पर डांस के तमाम वीडियो उपलब्ध हैं। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार ने बताया कि सभी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम का मुकदमा कायम किया है। पुलिस को मकान से भारी मात्रा में आपत्तिजनक वस्तुएं मिली हैं।
गिरोह संचालक प्रशांत ने तीन माह पहले बीएसएफ के सिपाही का मकान देह व्यापार के लिए किराए पर लिया था। सेक्स रैकेट में मेरठ निवासी हरियाणवी डांसर भी गिरफ्तार हुई है। पुलिस ने मकान से 17 वर्षीय किशोरी को रेस्क्यू किया। संचालक, ग्राहक और दो महिलाओं के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।