मुंबई। भारतीय जनता पार्टी को महाराष्ट्र में बड़ा झटका लगा है। पार्टी के कद्दावर नेता एकनाथ खड़से ने इस्तीफा दे दिया है। वह फडणवीस सरकार में मंत्री रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि वह बीजेपी से काफी दिनों से नाराज चल रहे थे, जिसके चलते उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दिया है। उनके बेहद करीबी सूत्रों का कहना है कि खडसे के मुताबिक पार्टी में रहने का अब कोई औचित्य नहीं है।
खड़से आज शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस्तीफे का एलान करेंगे। एकनाथ खडसे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का बयान आया है। उद्धव ठाकरे ने खडसे का महाविकास अघाड़ी में प्रवेश की जानकारी का स्वागत किया है। बताया जा रहा है कि एकनाथ खडसे शुक्रवार को एनसीपी में शामिल होंगे।
भाजपा की ओर से भी एकनाथ खडसे के इस्तीफे की पुष्टि कर दी गई है। बीजेपी ने एकनाथ खडसे को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। राज्य सरकार में मंत्री जयंत पाटिल ने ये दावा किया है कि शुक्रवार को एकनाथ खडसे एनसीपी में शामिल होंगे। शुक्रवार दोपहर दो बजे एकनाथ खडसे एनसीपी की सदस्यता ले सकते हैं।