सिक्किम में कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति को प्राप्त करने वाले सेना के जवानों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भावभीन श्रद्धांजलि दी है। सिक्किम में हुए हादसे में सेना के 16 जवान शहीद हो गए थे। इसमें चार जवान उत्तर प्रदेश के थे।
लखनऊ। सिक्किम में कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति को प्राप्त करने वाले सेना के जवानों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने भावभीन श्रद्धांजलि दी है। सिक्किम में हुए हादसे में सेना के 16 जवान शहीद हो गए थे। इसमें चार जवान उत्तर प्रदेश के थे।
मुजफ्फरनगर निवासी सेना के जवान लोकेश कुमार, जनपद उन्नाव निवासी सेना के जवान श्याम सिंह यादव, जनपद एटा निवासी सेना के जवान भूपेन्द्र सिंह और जनपद ललितपुर निवासी सेना के जवान चरन सिंह के शौर्य और वीरता को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने अपनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद सैनिकों के परिवार को 50-50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने इन शहीदों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा शहीद लोकेश कुमार, श्याम सिंह यादव, भूपेन्द्र सिंह तथा चरन सिंह के नाम पर उनके जनपद की एक सड़क का नामकरण करने की भी घोषणा की है।
साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहीद सैनिकों का अन्तिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। शहीद सैनिकों के अन्तिम संस्कार में राज्य सरकार के मंत्रीगण सम्मिलित होकर श्रद्धांजलि देंगे।