गोरखपुर। गोरखपुर रेलवे अस्पताल में एक टॉयलेट में लाल और हरे रंग की टाइल्स लगाने के बाद बवाल हो गया है। सपा इसको लेकर विरोध कर रही है। इस मामले में एनईआर के मुख्य अधिकारी पंकज सिंह की सफाई आने के बाद भी सपाइयों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वहीं गुरुवार दोपहर रेलवे अस्पताल पहुंचकर टॉयलेट की टाइल्स पर कालिख पोत दी।
इसके साथ ही पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक अमित कुमार अग्रवाल के ऑफिस पर प्रदर्शन किया और उनसे मिलकर उन्हें ज्ञापन भी दिया। सपा नेताओं ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, रेलवे अस्पताल के एक टॉयलेट की दीवारों पर लाल और हरे रंग के टाइल्स लगाए गए हैं। यह बिल्कुल समाजवादी पार्टी के झंडे के रंग का है।
दूषित सोच रखने वाले सत्ताधीशों द्वारा राजनीतिक द्वेष के चलते गोरखपुर रेलवे अस्पताल में शौचालय की दीवारों को सपा के रंग में रंगना लोकतंत्र को कलंकित करने वाली शर्मनाक घटना!
एक प्रमुख राजनीतिक पार्टी के ध्वज के रंगो का अपमान घोर निंदनीय।
संज्ञान ले हो कार्रवाई, तत्काल बदला जाए रंग। pic.twitter.com/AE28tJ8Wvo— Samajwadi Party (@samajwadiparty) October 29, 2020
टॉयलेट का रंग देखकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क गया। इसके पहले पार्टी की ओर से टॉयलेट की फोटो ट्वीट की गई थी। समाजवादी पार्टी ने लिखा कि दूषित सोच रखने वाले सत्ताधीशों द्वारा राजनीतिक द्वेष के चलते गोरखपुर रेलवे अस्पताल में शौचालय की दीवारों को सपा के रंग में रंगना लोकतंत्र को कलंकित करने वाली शर्मनाक घटना!एक प्रमुख राजनीतिक पार्टी के ध्वज के रंगो का अपमान घोर निंदनीय। संज्ञान ले हो कार्रवाई, तत्काल बदला जाए रंग। समाजवादी पार्टी ने इसे लेकर ट्विटर पर रेल मंत्री पीयूष गोयल और रेल मंत्रालय से भी शिकायत की है।