लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लगातार बीजेपी पर हमला बोल रहे है। शुक्रवार को उन्होने सीतापुर में कहा कि यूपी सरकार आजम खान के मामले में बदले की भावना से काम करते हुए फर्जी मुकदमे दर्ज करवा रही है। हमें हाईकोर्ट और सुप्रीमकोर्ट पर पूरा भरोसा है। हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और न्याय मिलेगा। प्रदेश की कानून-व्यवस्था चौपट है। युवा रोजगार की आस में भटक रहा है।
बता दें कि शुक्रवार को वो रामपुर जा रहे थे, इसी दौरान सीतापुर में लगभग सवा एक बजे हाईवे पर कांशीराम कॉलोनी के सामने सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने अखिलेश का स्वागत किया।
इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उन्होने बिना किसी का नाम लिए कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट है। डायल 100 देश की सबसे बेहतरीन व्यवस्था थी। वह भी खराब कर दी। डायल 100 अब बेईमानी करने लगी है। बोले-2022 में किसान और नौजवान मिलकर समाजवादियों की सरकार बनाएं। लगभग पंद्रह मिनट रुकने के बाद वो रामपुर के लिए रवाना हो गए।