मुंबई। स्टार भारत के लोकप्रिय टीवी शो ‘सावधान इंडिया’ के होस्ट सुशांत सिंह को शो से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। बता दें कि सावधान इंडिया शो वे लंबे समय से होस्ट कर रहे थे। नागरिकता कानून के खिलाफ मुंबई विश्वविद्यालय में हो रहे प्रदर्शन में छात्रों के साथ उन्होंने हिस्सा लिया था। उन्होंने ट्वीट किया ‘और मेरा सावधान इंडिया से कार्यकाल अब खत्म होता है।’
दीया मिर्जा, सोनाक्षी सिन्हा, ऋचा चड्ढा, हुमा कुरैशी, राजकुमार राव और रितेश देशमुख जैसे कलाकारों ने नागरिकता कानून का विरोध किया है और स्टूडेंट के सपोर्ट में आगे आए हैं। मगर इसी बीच सावधान इंडिया टीवी शो के लीड एक्टर सुशांत सिंह के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है। रिपोर्ट्स आ रही हैं कि CAA के खिलाफ आंदोलन में शामिल होने की वजह से उन्हें शो से निकाल दिया गया है। उन्होंने शो से निकलने की खबर खुद सोशल मीडिया पर साझा की है।
सुशांत सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा- और सावधान इंडिया के साथ मेरा सफर खत्म। सुशांत से एक शख्स ने पूछा कि क्या सच बोलने का उन्हें ये इनाम मिला है। इसका जवाब देते हुए सुशांत ने लिखा- सच का साथ देने के लिए ये तो बहुत छोटी कीमत है मेरे दोस्त। वरना तुम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू का सामना कैसे करोगे।
बता दें कि सुशांत ने साल 2002 में राजकुमार संतोषी की फिल्म द लेजेंड ऑफ भगत सिंह में स्वतंत्रता सेनानी सुखदेव का रोल प्ले किया था. फिल्म में अजय देवगन सरदार भगत सिंह के रोल में थे।