मुंबई। फिल्म ‘तानाजी द अनसंग वॉरियर’ में लंबे समय बाद एक बार फिर फैंस को काजोल और अजय देवगन की जोड़ी देखने को मिलेगी। पीरियड ड्रामा फिल्म तानाजी द अनसंग वॉरियर से काजोल का फर्स्ट लुक सामने आ गया है। इस फिल्म में काजोल तानाजी की पत्नी सावित्रीबाई मालुसरे का अहम रोल निभाते हुए नजर आएंगी।
तानाजी से काजोल का फर्स्ट लुक जारी-
काजोल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तानाजी फिल्म से अपना लुक शेयर किया है। काजोल ने अपना लुक इन्स्टाग्राम पर शेयर करते हुए कैप्शन लिखा- मैं आपको हारने नहीं दूंगी।
फिल्म के पोस्टर में आप देख सकते हैं कि काजोल मराठी लुक में कितनी जबर्दस्त नजर आ रही हैं। काजोल का लुक काफी इंटेंस लग रहा है, सिर पर पल्लू लिए, माथे पर बड़ी सी बिंदी और नोज रिंग पहने हुए काजोल का लुक बेहद दमदार है।
बता दें कि इस फिल्म की कहानी 17वीं सदी पर आधारित है। इसका निर्देशन ओम राउत ने किया है, फिल्म तानाजी मालुसरे की जिंदगी पर बनी है। इस फिल्म में लंबे अरसे बाद फैंस काजोल और अजय को साथ में सिल्वर स्क्रीन पर देखेंगे।
तानाजी मालुसरे के बारे में बात करें तो यह भारतीय इतिहास के वो योद्धा थे जिनके बारे में कम ही लोगों ने सुना है। वे छत्रपति शिवाजी महाराज के साथ कई जंग लड़े थे। 1670 में हुई सिन्हागढ़ की लड़ाई में अपने योगदान के लिए तानाजी को याद किया जाता है। खबर है कि फिल्म सिनेमाघरों में 10 जनवरी 2020 को रिलीज होगी।