नई दिल्ली। टाटा का ब्रांड मूल्य 2019 में 37 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 19.5 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इसके साथ ही टाटा शीर्ष 100 वैश्विक ब्रांडों में आ गया है।
नमक से सॉफ्टवेयर तक बनाने वाली कंपनी को लंदन बेस्ड कंस्लटेंसी ब्रैंड फाइनैंस ने सूची में 86वें नंबर पर रखा है। कंपनी 2018 में इस सूची में 104 नंबर पर थी। ग्लोबल टॉप-100 में यह एकमात्र भारतीय कंपनी है।
टाटा ग्रुप की ओर से जारी बयान में ब्रैंड फाइनैंस के चीफ एग्जीक्युटिव डेविड हेग की ओर से कहा गया है, ‘टाटा समूह की ब्रैंड वैल्यू में 2019 में प्रभावशाली वृद्धि हुई है और दुनिया में 100 सबसे मूल्यवान ब्रैंड सूची में एकमात्र भारतीय कंपनी है।’
टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा, ‘इस मान्यता से हमें कारोबार को दुनिया में सामाजिक जिम्मेदारी के साथ बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी। नवाचार और उद्यमशीलता के माध्यम से उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।’ ब्रैंड वैल्यू में सुधार मुख्यत: टाटा कंस्लटेंसी सर्विसेज के प्रदर्शन की वजह से हुआ है।