नई दिल्ली। महाराष्ट्र में शिवसेना और भाजपा के बीच सरकार के गठन को लेकर खींचतान जारी है। 50-50 फॉर्मूले पर अड़ी शिवसेना ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। हालांकि राजनीतिक पंडित पिछले दो दिनों में शिवसेना की तल्खी में कुछ नरमी का अहसास जरूर कर रहे हैं। इस बीच दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा का ट्वीट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
दर असल बग्गा ने अपने ट्विटर हैंडल से एक कार्टून शेयर किया है। इस कार्टून को मुंबई चित्रहार शीर्षक दिया गया है। इसमें एक रिंग मास्टर बने देवेंद्र फडणवीस शेर यानि शिवसेना को रिंग में छलांग लगाने को कह रहे हैं। यहां कैप्शन में फिल्मी गाने की लाइनें दी गई हैं। इसमें कहा गया है कि ‘आखिर तुम्हें आना है जरा देर लगेगी।’
— Tajinder Pal Singh Bagga (@TajinderBagga) November 1, 2019
गौरतलब है कि इससे पहले भी शिवसेना की ओर से बीते दिनों एक कार्टून साझा किया गया था। संजय राउत ने तब एक कार्टून में दिखाया था कि शेर की मुट्ठी में कमल का फूल है और गले में घड़ी, घड़ी NCP का चुनाव चिन्ह है। लेकिन जवाब आज बीजेपी की ओर से दिया गया है।
व्यंग चित्रकाराची कमाल!
बुरा न मानो दिवाली है.. pic.twitter.com/krj2QAnGmB— Sanjay Raut (@rautsanjay61) October 25, 2019
शुक्रवार को भी संजय राउत ने एक ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साझा था। संजय राउत ने लिखा था कि साहेब, अहंकार मत पालिए। वक्त के साथ सागर में कई सिकंदर डूब गए हैं। इसके अलावा संजय राउत ने बयान भी दिया था कि लिखकर ले लीजिए, इस बार मुख्यमंत्री शिवसेना का ही बनेगा।
बता दें कि शिवसेना और भाजपा में इस वक्त मुख्यमंत्री पद, कैबिनेट में हिस्सेदारी को लेकर विवाद चल रहा है। शिवसेना लगातार 50-50 फॉर्मूले पर अड़ी हुई है, जिसके तहत ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग है।