वाराणसी। देव दीपावली के मौके पर पीएम मोदी वाराणसी में है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नए कृषि कानूनों पर विपक्ष भ्रम फैला रहा है, जिसकी सच्चाई सामने आ चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने इस दौरान नए कृषि कानूनों से होने वाले फायदे भी गिनाए। पीएम मोदी ने कहा कि किसानों को नए प्रकल्प और विकल्प दोनों साथ साथ चलें तभी देश का कायाकल्प होता है।
सरकारें नीतियां बनाती हैं। नीतियों पर सवाल उठता है तो उसका लाभ होता है। पीएम ने कहा कि पिछले कुछ समय से कुछ अलग ही देखने को मिल रहा है। पहले था कि सरकार का फैसला पसंद नहीं आने पर लोग विरोध करते थे लेकिन अब भ्रम फैलाकर, आशंकाए फैलाकर विरोध कराया जा रहा है।
पीएम ने कहा कि भविष्य को लेकर आशंकाएं फैलाई जा रही हैं। जो हुआ ही नहीं है, जो होगा ही नहीं, उसे लेकर समाज में भ्रम फैलाया जा रहा है। ऐसा ही कृषि सुधारों के मामले में भी जानबूझकर खेल खेला जा रहा है। यह वही लोग हैं, जिन्होंने दशकों तक किसानों के साथ छल किया है।