मुंबई। मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी है। यह धमकी पाकिस्तान से फोन द्वारा दी गयी है। धमकी के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया है। इसके साथ ही आने—जाने वालों की विशेष चेकिंग की जा रही है। दरअसल, सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात 12.30 बजे होटल ताज पैलेस के स्टाफ को पाकिस्तान के कराची से धमकी भरी कॉल की गई, जिसमें कहा गया कि होटल को बम से उड़ा दिया जाएगा।
फोन करने वाले शख्स ने खुद को लश्कर—ए—तैयबा का सदस्य बताया है। उसने कहा कि होटल पर हमला किया जाएगा और उसे साल 2008 में हुए मुंबई हमलों की तरह ही उड़ा दिया जाएगा। वहीं, इसके बाद दूसरा फोन कॉल बांद्रा के होटल ताज लैंड्स एंड में किया गया। वहां भी स्टाफ को इसी अंदाज में धमकी दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों होटलों को एक ही नंबर से फोन आया है और यह नंबर पाकिस्तान का है। दूसरी तरफ, धमकी भरी कॉल को देखते हुए मुंबई पुलिस ने होटल की सुरक्षा कड़ी कर दी है। वहीं, साइबर सेल भी सक्रिय हो गया है और मामले की जांच कर रहा है। इसके अलावा, टेलीकॉम विभाग की मदद से कॉल करने वाले की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है।