गोरखपुर। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान नखास चौक पर पत्थर चलने की घटना के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया है। हालात को नियंत्रण में लेने और उग्र भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। जुमे की नमाज के बाद घंटाघर स्थित जामा मस्जिद से निकले लोगों ने हाथ में काली पट़टी बांधकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी नखास चौक के पास पहुंचे थे कि वहां किसी ने पत्थर चला दिया। इसके बाद ही माहौल बिगड़ा। भीड़ की ओर से नखास खूनीपुर रोड और नखास रेती रोड पर दोनों तरफ से पथराव हुआ। करीब 15 मिनट तक पत्थर चले।इस दौरान पुलिस ने आंसू गैस के दो गोले छोड़े। पथराव में एक पुलिस कर्मी और एक अन्य प्रशासनिक कर्मचारी के घायल होने की खबर है।
स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है। हालात के मददेनजर सुबह से पुराना गोरखपुर की दुकानें बंद हैं। उधर, मदीना मस्जिद के पास भीड़ ने दो युवकों को गड़बड़ी फैलाने के संदेह के आधार पर घेर लिया था। पुलिस ने युवकों को भीड़ के घेरे से निकालकर एक घर में सुरक्षित बैठाया है।