मुंबई। महाराष्ट्र की उद्धव सरकार के गठन के एक महीने बाद आज पहला कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। बताया जा रहा है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता अजित पवार डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे। अजित पवार के डिप्टी सीएम बनने को लेकर बहुत पहले से ही कयास लगाये जा रहे थे। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
वहीं, इस कैबिनेट विस्तार में आदित्य के भी मंत्री बनने की अटकलें हैं। बताया जा रहा है कि, कांग्रेस की तरफ से अशोक चह्वाण, केसी पडवी, विजय वडेट्टीवार, अमित देशमुख, सुनील केदार, यशोमति ठाकुर, वर्षा गायकवाड, असलम शेख, सतेज पाटिल और विश्वजीत कदम मंत्रीपद की शपथ ले सकते हैं।
वहीं, शिवसेना की तरफ से आदित्य ठाकरे, उदय सामंत, अब्दुल सत्तार, शंकर गडख, अनिल परब, संदीपन भूमरे, शंभुराज देसाई, येदगाउकर, संजय राठौड़, गुलाब पाटिल और दादा भूसे को मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं, एनसीपी की तरफ से धरमराव अत्रम, राजेश टोपे, धनंजय मुंडे, नवाब मलिक, संग्राम जगतप, हसन मुशरीफ, अनिल देशमुख, अदिति तटकरे और राजू शेट्टी के मंत्री बनाए जाने की संभावना है।
बता दें कि, कैबिनेट विस्तार में लगभग 36 मंत्री शपथ ले सकते हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के मंत्रिमंडल में उनके अलावा छह मंत्री हैं।