फिरोजाबाद। यूपी के फिरोजाबाद में गुरुवार दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस सड़क हादसे में एक मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गयी। वहीं, इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि टेंपो में करीब 10 लोग सवार थे।
हादसा गुरुवार सुबह तकरीबन सवा 11 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार टेंपो फिरोजाबाद की ओर रहा था। तभी पीछे आ रहा ट्रक ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर टेंपो पर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक के नीचे टेंपो पूरी तरह से दब गया था। इस कारण लोगों को बचाने का मौका नहीं मिला। ट्रक के नीचे फंसे टेंपो में सवारियां चीख रही थीं। किसी की सांसें चल रही थीं तो कोई अपने हाथ पैर हिलाकर बता रहा था। हादसा इतना भीषण था, जिस देखकर प्रत्यक्षदर्शी सहम गए।