नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में भीषण ठंड का कहर जारी है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों में तापमान गिरने और ठंड बढ़ने की आशंका जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि 28 और 29 दिसंबर को कई शहरों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंच सकता साथ ही घना कोहरा छाए रहने की भी संभावना है।
बता दें कि राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत उत्तर प्रदेश के कई शहर कड़ाके की सर्दी की चपेट में हैं। यूपी के सहारनपुर में ठंड काफी बढ़ गई है, तापमान गिरने और शीतलहर को देखते हुए 26 दिसंबर से अग्रिम आदेश तक सभी सरकारी, गैरसरकारी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं की छुट्टी के निर्देश दिए हैं। जबकि सभी अध्यापक, अध्यापिकाओं को स्कूलों में उपस्थित रहने का आदेश दिया गया है।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भी ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया और अभी शीतलहर को देखते हुए डीएम के निर्देश पर कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में 28 दिसंबर तक अवकाश की घोषणा कर दी गई है।
ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड
राजधानी दिल्ली में इस साल ठंड और शीतलहर ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिल्ली में बुधवार को सुबह का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक इससे राहत की उम्मीद भी नहीं है बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।