लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक कंरवट ली है जिसकी वजह से लोगों को गर्मी से राहत, मिली है। बादल और बूंदाबांदी से लगभग 5 से 10 डिग्री तक पारा गिरा पारा। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया की 26 और 27 अप्रैल को पूरे प्रदेश में बारिश का अनुमान है। ऐसे में तापमान में और कमी आने की संभावना है। लेकिन गर्मी से ये राहत अगले 4-5 दिनों तक ही जारी रहने वाली है। उसके बाद तापमान के बढ़ने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान काफी बढ़ा रहता है। वहीं रात का तापमान रोजाना गिर जाता है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में चिलचिलाती गर्मी शुरू हो गई थी। कई शहरों का तापमान 40 के पार पहुंच गया था। वहीं पिछले दो दिनों में गर्मी के तेवर काफी कम हो गए हैं। इन दिनों के मौसम के हिसाब से ऐसा लग रहा है कि बसंत अभी ख़त्म ही नहीं हुआ है। खासकर पिछले दो दिनों से।
18 अप्रैल को प्रयागराज में दिन का तापमान 43 डिग्री तो बांदा का 42 डिग्री, झांसी का 41 डिग्री, आगरा का भी 41 डिग्री जबकि कानपुर और आसपास के जिलों में 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। 20 अप्रैल तक कमोबेश यही स्थिति बरक़रार रही। दोपहर में तो लू चलने जैसा आभास होने लगा था लेकिन बदले मौसम ने बढ़ते तापमान पर ब्रेक लगा दिया।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश और आंधी का सिलसिला शुरू हो गया। इससे तापमान में गिरावट भी शुरू हो गई। 18 अप्रैल को प्रयागराज का तापमान 43 डिग्री था, जबकि 22 अप्रैल को ये महज 35 डिग्री दर्ज किया गया। झांसी में 19 अप्रैल को 42 डिग्री जबकि 22 अप्रैल को 37 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसी तरह बाकी शहरों के तापमान में भी 5 से 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। यहां तक की गर्मी की वजह से चल पड़े कूलर और एसी फिर से शांत हो गए हैं।