नई दिल्ली। पूरे देश में कोरोना वायरस के चलते देशव्यापी लॉकडाउन है। इस बीच पश्चिम बंगाल में राजभवन और सीएम ममता बनर्जी के बीच वाकयुद्ध चरम पर है। राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए। राज्यपाल ने आरोप लगाया है कि ममता बनर्जी कोरोना संकट पर ओछी राजनीति कर रही हैं। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा मीडिया को धमकाने पर करारा जवाब दिया है।
राज्यपाल धनखड़ ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मीडिया को डराना- धमकाना बंद करें। दरअसल एक दिन पहले बुधवार को मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया कर्मियों को आपदा प्रबंधन कानून के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी देने के साथ भाजपा नेताओं की तुलना गिद्धों से की थी।
सीएम ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि मीडिया झूठी खबरें चलाकर राज्य सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। इसको लेकर राज्यपाल ने गुरुवार को एक के बाद एक तीन ट्वीट किये। राज्यपाल ने लिखा कि आज कोरोना संकट के समय में भी ममता बनर्जी ओछी राजनीति कर रही हैं। आज जरूरत है कि सभी दलों को एकजुट होकर कोविड-19 का मुकाबला करने के लिए तालमेल बैठाएं।
दूसरे ट्वीट में राज्यपाल ने ममता द्वारा मीडिया पर निशाना साधने पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि वह विभिन्न माध्यमों से मीडिया को नियंत्रित करने और डराने- धमकाने की कोशिश कर रही हैं। राज्यपाल ने कहा, ‘मीडिया को भय में क्यों रखा जाएगा? आखिर एक सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं होना चाहिए। मीडिया लोकतंत्र का रीढ़ होता है।