लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को विधानसभा के सामने एक महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। इस घटना के बाद वहां पर हड़कंप मच गया। महिला ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर घटना को अंजाम दिया। वहीं, इस घटना में उसका शरीर काफी हद तक चल गया है। वारदात के बाद पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
शुरूआती जांच में सामने आया है कि महिला महाराजगंज की रहने वाली है। महिला ने धर्म परिवर्तन कर आसिफ नाम के युवक से निकाह किया। इसके बाद आसिफ सऊदी अरब चला गया। महिला का आरोप है कि इस दौरान आसिफ के परिजन लगातार उसे प्रताड़ित करते रहे, जिससे तंग आकर उसने आत्मदाह किया।
उसका कहना है कि महराजगंज थाने में उसने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इंसाफ के लिए वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलना चाहती थी, लेकिन मुलाकात न होने से निराश होकर महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर है।