नई दिल्ली। नए साल पर जेडीयू के पूर्व विधायक राजू सिंह के फार्महाउस पर गोली लगने से घायल महिला अर्चना की गुरुवार सुबह मौत हो गई। वो पेशे से आर्किटेक्ट थीं और पति विकास के साथ नए साल की पार्टी में शामिल होने गई थी। जहां डांस के दौरान पूर्व विधायक ने फायरिंग शुरु कर दी और अर्चना गोली लगने से घायल हो गई। बता दें कि इस मामले में पूर्व विधायक के खिलाफ पहले हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया था लेकिन अब हत्या का केस दर्ज हुआ है।
बताया जा रहा है कि नए साल की पूर्व संध्या पर पूर्व विधायक राजू सिंह ने अपने फार्महाउस पर पार्टी रखी थी। उस दौरान पूर्व विधायक फायरिंग करने लगे। हालाकि राजू सिंह के एक दोस्त ने उन्हे रोंकने का भी प्रयास किया, लेकिन वो नहीं माने और फायरिंग के दौरान गोली महिला को जा लगी।
पूर्व विधायक की इस पार्टी में करीब 70 लोग शामिल हुए थे। वारदात के समय डांस फ्लोर पर करीब 35 लोग डांस कर रहे थे। पूर्व विधायक के दोस्त ने उनसे कहा कि डांस के दौरान फायरिंग करने की आपकी आदत है। जब आप फायरिंग करें तो बता देना हम साइड हो जाएंगे, इसके बाद लोग डांस करने लगे। फिलहाल महिला के शरीर से जो बुलेट मिला है वो पूर्व विधायक की ही पिस्तौल का था।