नई दिल्ली। मध्यप्रदेश में एक और पुलिस अधिकारी की कोरोना से लड़ाई के दौरान मौत हो गई है। 59 साल के थाना प्रभारी यशवंत पाल का इंदौर में निधन हो गया है। उनका इलाज इंदौर में चल रहा था। वह पिछले 12 दिनों से इंदौर के अस्पताल में उपचाररत थे। इससे दो दिन पहले भी इंदौर के एक थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार चंद्रवंशी का निधन हुआ था।
दरअसल, 59 वर्षीय थाना प्रभारी उज्जैन के अंबर कॉलोनी कंटेनमेंट एरिया में ड्यूटी के दौरान कोरोना से संक्रमित हो गए थे। उसके बाद इलाज के लिए उन्हें इंदौर के अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले 12 दिनों से यशवंत पाल का अस्पताल में इलाज चल रहा था। मगर उनकी स्थिति में कभी सुधार नहीं हुई।
अरविंदो अस्पताल के चेयरमैन डॉ विनोद भंडारी ने कहा कि पिछले 12 दिनों से नीलगंगा थाना प्रभारी यशवंत पाल अरविंदो में एडमिट थे। वे जब से यहां भर्ती हुए थे तभी से क्रिटिकल स्थिति में रहे। रिपोर्ट भी उनकी पॉजिटिव ही रही। हम लोगों ने बहुत कोशिश की लेकिन उनकी तबियत में सुधार नहीं हुई।
वहीं, टीआई की पत्नी और बेटियों की भी जांच करवाई गई लेकिन रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। राजकीय सम्मान के साथ इनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 3 दिन पहले इंदौर के जूनी इंदौर थाना प्रभारी देवेंद्र चंद्रवंशी की मौत भी कोरोना की वजह से ही हुई थी। 3 दिनों के अंदर दूसरे पुलिस अधिकारी की मौत कोरोना की वजह से हुई है।
उज्जैन में कोरोना के 31 पॉजिटिव
मध्यप्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या 1491 पहुंच गई है। उज्जैन में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 31 है, जिसमें 6 की मौत हो गई है। वहीं 5 लोग स्वस्थ्य होकर अपने घर लौट गए हैं। शहर में कोरोना हॉटस्पॉट को चिह्नित कर 14 कंटेनमेंट एरिया बनाया गया है। जहां पूरी तरह से सारी चीजें प्रतिबंधित हैं।