लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अब आगरा जिले का नाम बदलने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए साक्ष्य जुटाए जाने लगे हैं। बताया जा रहा है कि आगरा का नाम बदलकर अग्रवन करने की तैयारी है। इस मामले में जिले के आंबेडकर विश्वविद्यालय से नाम बदलने के प्रस्ताव पर साक्ष्य मांगे गए हैं।
इसके बाद विश्वविद्यालय का इतिहास विभाग मंथन कर साक्ष्य जुटा रहा है। इतिहासकारों की माने तो, आगरा का नाम पहले अग्रवन हुआ करता था। अब उत्तर प्रदेश सरकार पुनः आगरा जिले का नाम बदलकर अग्रवन करने की तैयारी में है। इस नाम परिवर्तन पर विरोधियों द्वारा कोई सवाल न उठाये जाए इसके लिए योगी सरकार तैयारी भी शुरू कर चुकी है।
बता दें कि, इससे पहले योगी सरकार ने फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या रख दिया था। इसके साथ ही इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज रखा गया था। सूत्रों की माने तो योगी सरकार कई अन्य जिलों का भी नाम बदल सकती है, जिसके लिए तैयारी जारी है। वहीं अभी सरकार ने इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की है।