लखनऊ के हुसैनगंज स्थित 1912 बिजली उपभोक्ता सेवा केंद्र में सोमवार रात कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। वेतन और अन्य मांगों को लेकर कर्मचारियों ने काम रोककर विरोध प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाकर मामला शांत कराया।
पढ़ें :- Lucknow Chhath Puja : आज से छठ महापर्व का शुभारंभ, लखनऊ में स्वच्छ-सुरक्षित और जीरो वेस्ट पर्व के लिए 110 घाट तैयार
समय पर वेतन न मिलने से नाराजगी
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें हर महीने तय समय पर वेतन नहीं मिलता। शासन के निर्देशों के अनुसार वेतन महीने की शुरुआती तारीखों में मिल जाना चाहिए, लेकिन भुगतान अक्सर काफी देर से किया जाता है। इससे कर्मचारियों को घरेलू और आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
पीएफ कटौती पर भी उठाए सवाल
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पीएफ कटौती में भी पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। उनका कहना है कि वेतन से ऐसी कटौतियां की जा रही हैं, जिनको लेकर उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती। इसे लेकर कर्मचारियों में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई है।
पढ़ें :- स्वच्छता में चमका नवाबों का शहर लखनऊ, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बना देश का तीसरा सबसे स्वच्छ शहर
प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि ड्यूटी समय को लेकर अत्यधिक सख्ती बरती जा रही है। मामूली देरी या निर्धारित समय से कुछ सेकंड कम काम होने पर वेतन कटौती और हाफ डे लगाने जैसी कार्रवाई की जाती है। कर्मचारियों का कहना है कि इससे कार्यस्थल पर दबाव का माहौल बन गया है।
जांच और कार्रवाई की मांग
कर्मचारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और समस्याओं के समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द उचित कदम नहीं उठाए गए तो असंतोष और बढ़ सकता है।