पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। सोमवार को सीमा स्तंभ संख्या 517/2 के पास नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक ट्रक से 2570 किलोग्राम विदेशी अखरोट बरामद किए गए।
पढ़ें :- जयपुरिया संस्थान के 30वां दीक्षांत समारोह में 358 छात्रों को डिप्लोमा और दो शोधार्थियों को फैलोशिप से किया गया सम्मानित
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सीमा क्षेत्र में तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी नौतनवा/फरेन्दा अनिरुद्ध पटेल के पर्यवेक्षण में सोनौली थाना पुलिस ने एसएसबी 22वीं वाहिनी के साथ मिलकर संयुक्त चेकिंग की।
जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक (RJ 14 GJ 5722) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में एक अलग केबिन बनाकर 103 बोरियों में छिपाए गए विदेशी अखरोट मिले। ट्रक काठमांडू से दिल्ली की ओर जा रहा था। मौके से चालक साहिब खान, निवासी हरियाणा, को हिरासत में ले लिया गया।
बरामद माल और ट्रक को कस्टम कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि भारत–नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने हेतु ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
इस कार्रवाई के बाद तस्करी से जुड़े गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है।
पढ़ें :- Lucknow Gaming Zone Fire : लखनऊ भीषण आग में जान बचाने के लिए ग्रिल पकड़ लटका , फिर जमीन पर आकर गिरा शख्स
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट