Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीमा क्षेत्र के 5 हजार पूर्व सैनिकों को मिलेगी राहत, CSD सामान के लिए सोनौली तक चलेगी विशेष बस

सीमा क्षेत्र के 5 हजार पूर्व सैनिकों को मिलेगी राहत, CSD सामान के लिए सोनौली तक चलेगी विशेष बस

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में रहने वाले भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर गुरुवार को गोरखा स्कूल नौतनवा परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नेपाल और नौतनवा क्षेत्र के पूर्व सैनिकों ने हिस्सा लिया तथा उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

पढ़ें :- लखनऊ में दर्दनाक हादसा: डंपर की टक्कर से दो साढ़ुओं की मौत

बैठक में बताया गया कि नेपाल सीमा क्षेत्र में निवास करने वाले लगभग 5,000 पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां भारतीय सेना द्वारा संचालित सीएसडी कैंटीन (CSD Canteen) की सुविधाओं से वंचित हैं। पूर्व सैनिकों ने कहा कि जो लोग कैंटीन से सामान खरीदकर लाते हैं, उन्हें सीमा पर विभिन्न प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और सामान को रोक दिया जाता है।

इस समस्या के समाधान के लिए बताया गया कि जीआरडी कुनराघाट के कमांडेंट द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए गोरखपुर कैंटीन से खरीदे गए सामान को बस के माध्यम से सोनौली बॉर्डर तक पहुंचाने की नि:शुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। यह सेवा अगले माह से शुरू होने की संभावना है, जिससे सीमा क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

बैठक में नेपाल में रहने वाले भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों तथा महराजगंज जनपद के पूर्व सैनिकों के संगठनों को एक मंच पर लाने का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत एक संयुक्त समिति के गठन पर सहमति बनी। समिति के पदाधिकारियों का चुनाव नेपाल में आयोजित होने वाली अगली बैठक में किया जाएगा। यह समिति दोनों देशों की सीमा पर रहने वाले पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर कार्य करेगी।

बैठक में नेपाल स्थित भारतीय सेना पूर्व सैनिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन भेष शंकर पुरी तथा नौतनवा पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष नर बहादुर राना प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

पढ़ें :- माफिया मुख्तार की जमीन पर बने योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट को ध्वस्त करने पहुंचा सिंचाई विभाग का दस्ता, 72 फ्लैटों की योजना पर संकट!

इसके अलावा सूबेदार मोहन थापा, कैप्टन डमर बहादुर गुरुंग (एसएम), राम कुमार थापा, कैप्टन श्याम किशोर थापा, नरेश राना, सूबेदार पदम प्रकाश जीसी, सोनौली अध्यक्ष पृथा बहादुर गुरुंग, याम बहादुर गुरुंग, नर बहादुर कार्की, श्रीमती नीरू गुरुंग, प्रेमी सरा राना, लील बहादुर खड़का, हकम बहादुर राना, मैन बहादुर पून, रवि थापा, मीन बहादुर थापा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां मौजूद रहीं।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट

Advertisement