पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा नगर स्थित श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा से आज गुरु गोविंद सिंह जयंती के पावन अवसर पर सिख समुदाय द्वारा भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में नगर के साथ-साथ लक्ष्मीपुर, गोरखपुर और फरेंदा से आए सिख समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पढ़ें :- सीएम योगी ने महानिशा पूजन कर जगत कल्याण की प्रार्थना, गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में हवन के साथ नवरात्र महाष्टमी अनुष्ठान पूर्ण
शोभा यात्रा गुरुद्वारा परिसर से प्रारंभ होकर भगत सिंह चौराहा, गांधी चौक होते हुए नगर भ्रमण करती हुई बाईपास स्थित गुरुद्वारे पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों द्वारा हैरतअंगेज करतब भी दिखाए गए, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शोभा यात्रा के आगे और पीछे पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। पुलिस प्रशासन ने पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्था संभाली।
इस मौके पर बॉबी सिंह, सतपाल सिंह, मनजीत सिंह, भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल, ओम प्रकाश वर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंधन समिति एवं स्वयंसेवकों की सराहनीय भूमिका रही।