पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा सेमरहवा में रोहिन नदी पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित पुल का सपना आखिरकार साकार होने की दिशा में बढ़ चला है। लंबे समय से पूरा क्षेत्र जिस दिन का इंतजार कर रहा था, वह दिन आखिर आ ही गया। नौतनवा के सक्रिय, जनसमर्पित और विकासपुरुष माने जाने वाले विधायक ऋषि त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर पुल निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की।
पढ़ें :- UP Outsourced Employees New Rules : आउटसोर्स कर्मियों के साप्ताहिक अवकाश और वेतन सुरक्षा पर योगी सरकार सख्त, जानें डिटेल
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने इसे क्षेत्र के विकास का ऐतिहासिक अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि लगभग 26.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मजबूत पक्का पुल क्षेत्र के हजारों लोगों की जिंदगी बदलने वाला साबित होगा। वर्षों से नदी और जंगल के बीच फंसे सेमरहवा गांव के लोगों को अब नाव पर निर्भर रहने की मजबूरी से मुक्ति मिल जाएगी।
विधायक त्रिपाठी ने याद दिलाया कि लोकसभा चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने पुल की मांग को लेकर मतदान तक का बहिष्कार किया था। उस चुनौतीपूर्ण समय में स्वयं मौके पर पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया था कि यह पुल हर हाल में बनेगा—और आज वह वादा पूरा होने की दिशा में पहला ठोस कदम उठ चुका है।
उन्होंने बताया कि पुल की फाइलें कई बार अटकीं, लेकिन उनके अथक प्रयास, सतत पत्राचार और दृढ़ इच्छाशक्ति ने आखिरकार काम कर दिखाया। मुख्यमंत्री से स्वीकृति दिलाने में विधायक त्रिपाठी की भूमिका निर्णायक रही। उन्होंने कहा कि अब भूमि पूजन के साथ ही निर्माण तेजी से शुरू होगा और तय समय सीमा में इसे हर हाल में पूरा कराया जाएगा।
पुल बनने से क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और दैनिक आवागमन में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा। वर्षों से उपेक्षित यह इलाका अब विकास की मुख्यधारा से सीधे जुड़ सकेगा।
पढ़ें :- गुजरात: प्रेमी जोड़े ने पेड़ से लटक कर की खुदकुशी, महिला शादीशुदा थी
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान उपेंद्र यादव, ब्लॉक प्रमुख नौतनवा राकेश मद्धेशिया, हरिकेश पाठक, चंद्र प्रकाश मिश्रा, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्र, जिला पंचायत सदस्य रामसेवक जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश यादव, अंबिका राजभर, रविन्द्र साहनी, दुर्गेश भारती, दुर्गा शंकर शुक्ल, वीके सिंह, अवध शुक्ल, रानू पांडेय सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सेतु निगम के अधिशासी अभियंता अरुण सिंह, अवर अभियंता तथा विभागीय अधिकारियों ने निर्माण की आगामी कार्ययोजना साझा की।
क्षेत्रवासियों ने विधायक ऋषि त्रिपाठी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनका संघर्ष और संकल्प ही है जिसकी वजह से आज सेमरहवा में विकास की नई रोशनी जगमगा रही है।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट