Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. सड़क पर पुलिस और युवक ने एक दूसरे को पटक-पटक मारा, सिपाही की वर्दी भी फटी; घटना का वीडियो वायरल

सड़क पर पुलिस और युवक ने एक दूसरे को पटक-पटक मारा, सिपाही की वर्दी भी फटी; घटना का वीडियो वायरल

By Kalpna Pandey 
Updated Date

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में पुलिस की कार्रवाई के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक युवक ने पुलिस टीम के साथ ही धक्का-मुक्की शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ गया कि युवक और पुलिसकर्मियों के बीच सड़क पर काफी देर तक खींचतान होती रही। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फट गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है।

पढ़ें :- बांका में हेडमास्टर पर छात्रा से अश्लील चैटिंग का आरोप, शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच

घटना मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के पास एनएच-122बी किनारे पुराने टाटा स्टैंड के समीप की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, डायल 112 पर एक महिला ने बाजार निवासी गोलू कुमार के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम युवक से पूछताछ और उसे हिरासत में लेने के लिए मौके पर पहुंची थी।

पुलिस के अनुसार, टीम प्रभारी राजू यादव ने गोलू कुमार को पुलिस वाहन में बैठाने का प्रयास किया, लेकिन युवक वहां से भागने की कोशिश करने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

देखते ही देखते सड़क किनारे मौजूद कीचड़ में युवक और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक उठापटक होती रही। इस दौरान युवक ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की वर्दी और कंधे पर लगे सितारे को खींचकर फाड़ दिया। घटना देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोहिउद्दीननगर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने युवक को काबू में लिया और रस्सी से बांधकर थाने ले गई। युवक के नशे में होने की बात भी सामने आई है।

थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि डायल 112 के जरिए मिली शिकायत के आधार पर पुलिस टीम युवक को पकड़ने पहुंची थी। मौके पर हुई पूरी घटना की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

पढ़ें :- दिल्ली विश्वविद्यालय की सुरक्षा पर CM रेखा गुप्ता का बड़ा कदम, देर रात नॉर्थ कैंपस पहुंचीं और छात्राओं से जानी समस्याएं
Advertisement