Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीज ट्रक, फरार चालक और हाईवे पर सुसाइड ड्रामा, सोनौली में घंटेभर चला हाई वोल्टेज हंगामा

सीज ट्रक, फरार चालक और हाईवे पर सुसाइड ड्रामा, सोनौली में घंटेभर चला हाई वोल्टेज हंगामा

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली में सोमवार को एक ट्रक चालक ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाई वोल्टेज ड्रामा कर हड़कंप मचा दिया। ओवरलोडिंग के मामले में सीज किए गए ट्रक का चालक पुलिस के कब्जे में आने के बाद पहले वाहन से उतरने को तैयार नहीं हुआ और फिर ट्रक में लगी तार से गला कसने का प्रयास करने लगा। चालक की इस हरकत से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

पढ़ें :- भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे SSB के DIG, सोनौली बॉर्डर पर ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा

जानकारी के अनुसार, रविवार को एआरटीओ मनोज सिंह और नौतनवा क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह के नेतृत्व में चलाए गए संयुक्त अभियान में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो ट्रकों समेत तीन वाहनों को सीज किया गया था। इनमें राजस्थान नंबर का एक ट्रक भी शामिल था। कार्रवाई के दौरान चालक ट्रक को हाईवे पर खड़ा कर फरार हो गया था।

सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि फरार चालक ट्रक लेकर नेपाल जाने की तैयारी में है। सूचना पर सक्रिय हुई सोनौली पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस के पहुंचते ही चालक ने पहले वाहन से उतरने से इनकार कर दिया। बाद में नीचे उतरकर उसने ट्रक में लगी तार से अपना गला कसने का प्रयास किया। इस दौरान हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

सोनौली पुलिस ने धैर्य का परिचय देते हुए चालक को लगातार समझाया-बुझाया। करीब एक घंटे तक चले ड्रामे के बाद पुलिस उसे शांत कराने में सफल रही और अपने साथ कोतवाली ले गई।

कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि चालक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।

पढ़ें :- UPPSC APS 2023 : यूपीपीएससी ने अपर निजी सचिव की भर्ती रद्द की, 331 पदों के लिए एक भी अभ्यर्थी नहीं मिला योग्य
Advertisement