Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नौतनवा में रेलवे अंडरपास के पास अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी, हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस

नौतनवा में रेलवे अंडरपास के पास अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी, हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: जनपद के नौतनवा कस्बे के राजेंद्र नगर रेलवे अंडरपास के पास सोमवार सुबह एक व्यक्ति का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पढ़ें :- लक्ष्मीपुर में PDA जनपंचायत, सामाजिक न्याय और रोजगार के मुद्दों पर गरजे नेता

मृतक की पहचान थाना नौतनवा क्षेत्र के बरवा भोज गांव निवासी करीब 50 वर्षीय राकेश भारती के रूप में हुई है। वह नौतनवा कस्बे में एक कपड़े की दुकान पर काम करता था। बताया जा रहा है कि नौतनवा से गोरखपुर जा रही ट्रेन में सफर कर रही गांव की एक महिला की नजर शव पर पड़ी। पहचान होने के बाद उसने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह चोट किसी हमले में लगी या किसी दुर्घटना का परिणाम है। इसी बिंदु को लेकर पुलिस हत्या और हादसे—दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, राकेश भारती पारिवारिक विवाद के चलते अपने घर से अलग रह रहे थे।

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या दुर्घटना का। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

पढ़ें :- PUBG पर हुई महिला से दोस्ती, फैजाबाद में कोर्ट मैरिज: लखनऊ से फर्जी दस्तावेज बनवाकर रह रहा बांग्लादेशी गिरफ्तार

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 

Advertisement