Vinod Sahni Murder Case : गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र के रेक्सडिया गांव निवासी बर्तन व्यापारी, निषाद समाज के नेता विनोद कुमार साहनी की हत्या को लेकर सियासत गरमाने लगी है। वीआईपी पार्टी से जुड़े विनोद कुमार साहनी पर बुधवार को जानलेवा हमला किया गया था। जिसके बाद गुरुवार को लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसके विरोध में योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने लखनऊ में धरना दिया। जिस पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने संजय निषाद को एक सियासी संदेश दिया है।
पढ़ें :- बीजेपी को बड़ा झटका,पूर्व सांसद के बाद अब पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने भी छोड़ी पार्टी, फेसबुक पर डाली लंबी-चौड़ी पोस्ट
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने शुक्रवार बिना नाम लिखे सोशल मीडिया साइट एक्स पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी के साथ रहने पर पद मिल सकता है लेकिन सम्मान नहीं। इसके साथ ही उन्होंने विनोद कुमार साहनी की हत्या के विरोध में धरने का वीडियो शेयर किया। जिसमें संजय निषाद भी नजर आ रहे हैं। अखिलेश ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘भाजपा का राज सत्ता सजातीयों के ‘दंभ, घमंड, अहंकार’ का आपराधिक त्रिगुट है। जो लोग समझते हैं कि सत्ता के साथ रहकर उनकी इज़्ज़त और रुतबा बढ़ता है, वो भी अब समझ गये हैं कि भाजपा में दिखावे का पद तो मिल सकता है पर सम्मान नहीं।’
सपा प्रमुख ने आगे कहा, ‘भाजपाई वर्चस्ववादी अपने प्रभुत्व को बनाए रखने के लिए किसी की हत्या भी कर सकते हैं किसी को भी ज़मीन पर बैठने को मजबूर कर सकते हैं। पीड़ा बढ़ रही है, इसीलिए पीडीए बढ़ रहा है और पीडीए की एकता भी।’ आरोप है कि सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद में विनोद साहनी की हत्या की गयी। बुधवार रात विनोद जब अपनी दुकान बंद के करके लौट रहे थे तो मुख्य आरोपी शुभम सिंह उर्फ गोलू ने अपने साथियों सुभाष सिंह, आकाश सिंह और कुछ अन्य के साथ मिलकर विनोद पर धारदार हथियार से हमला किया। जिससे वो बुरी तरह घायल हो गए और उनकी इलाज के दौरान मौत हो गयी।