Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नेपाल कस्टम में भारतीय एजेंटों की समस्याओं पर फूटा आक्रोश, सोनौली में कलमबंद हड़ताल; विदेश मंत्री से हस्तक्षेप की मांग

नेपाल कस्टम में भारतीय एजेंटों की समस्याओं पर फूटा आक्रोश, सोनौली में कलमबंद हड़ताल; विदेश मंत्री से हस्तक्षेप की मांग

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नेपाल के भैरहवा (बेलहिया) कस्टम कार्यालय में वर्षों से कार्यरत भारतीय ट्रांसपोर्ट एवं क्लियरिंग एजेंटों तथा कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर रविवार को सोनौली कस्टम कार्यालय के सामने सैकड़ों भारतीय ट्रांसपोर्ट एवं क्लियरिंग एजेंटों ने कलमबंद हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान एजेंटों ने अपना कामकाज पूरी तरह बंद रखा और केंद्र सरकार से मामले में हस्तक्षेप की मांग उठाई।

पढ़ें :- ओवैसी ने अखिलेश को दिया खुला ऑफर, बोले-'AIMIM नहीं चाहती यूपी में BJP फिर सरकार बनाए, हाथ मिला लो बाद में रोना नहीं

प्रदर्शन के बाद सोनौली ट्रांसपोर्ट एंड क्लियरिंग एजेंट एसोसिएशन ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को ई-मेल के माध्यम से विस्तृत ज्ञापन भेजकर नेपाल सरकार के समक्ष इस मुद्दे को उठाने और भारतीय कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कूटनीतिक पहल करने का अनुरोध किया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष रतन गुप्ता द्वारा भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि भारतीय क्लियरिंग एजेंट और उनके कर्मचारी वर्षों से भारत-नेपाल के बीच सीमा पार व्यापार को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं। लेकिन वर्तमान में नेपाल कस्टम कार्यालय में कार्यरत भारतीय कर्मचारियों को प्रशासनिक, कार्य-संबंधी एवं व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे उनका काम प्रभावित हो रहा है और वे मानसिक व आर्थिक परेशानियों से गुजर रहे हैं। इसका असर भारत-नेपाल के द्विपक्षीय व्यापार पर भी पड़ रहा है।

ज्ञापन में विदेश मंत्रालय से अनुरोध किया गया है कि वह इस विषय को नेपाल सरकार के संबंधित विभागों के समक्ष उठाए तथा काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास को आवश्यक समन्वय स्थापित कर भारतीय कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित एवं स्थायी समाधान के लिए निर्देशित करे।

एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि विदेश मंत्री के हस्तक्षेप से नेपाल कस्टम में कार्यरत भारतीय कर्मचारियों को राहत मिलेगी और भारत-नेपाल के बीच व्यापारिक गतिविधियां पुनः सुचारु एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संचालित हो सकेंगी।

पढ़ें :- पति को प्रेमी संग उतारा मौत के घाट, तड़के ही लिपाई की... पड़ोसन ने देख लिए गले में उंगलियों के निशान

ज्ञापन की प्रतिलिपि भारतीय दूतावास काठमांडू, जिलाधिकारी महराजगंज तथा आयुक्त, सीमा शुल्क (कस्टम) सोनौली को भी आवश्यक कार्रवाई एवं समन्वय के लिए भेजी गई है।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट

Advertisement