नई दिल्ली। महंगाई की मार से परेशान जनता को एक और बड़ा झटका लगा है। दिल्ली बिजली नियामक आयोग (डीईआरसी) ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। आयोग ने दिल्ली की बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को मंजूरी दी है। हालांकि, इसका असर उन घरेलू उपभोक्ताओं की मासिक बिजली खपत पर नहीं पड़ेगी, जिनकी खपत 500 यूनिट तक है। उन्हें इस बढ़ोत्तरी का कोई अतिरिक्त बोझ नहीं उठाना पड़ेगा। लेकिन इससे ज्यादा हुआ तो ग्राहकों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
पढ़ें :- दिल्ली में प्रदूषण के चलते लागू हुआ ग्रैप-2: महंगी पार्किंग से लेकर क्या-क्या बदला, जानिए
इस फैसले से ग्राहकों के लिए बिजली की दरें एक से 3.30 फीसदी तक बढ़ जाएंगी। हालांकि, सब्सिडी पाने वाले ग्राहकों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इनमें वे ग्राहक शामिल हैं जो 200 से 500 यूनिट तक बिजली का उपयोग करते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला बिजली उत्पादन और ईंधन की बढ़ती लागत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। डीईआरसी का कहना है कि आम घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए 500 यूनिट तक की खपत को इस बढ़ोतरी से बाहर रखा गया है। इससे बड़ी संख्या में परिवारों के बिजली बिल पर कोई असर नहीं पड़ेगा।